बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बनकटा रेलवे क्रॉसिंग के निकट शनिवार की
सुबह शौच के लिए निकले तीन किशोर ट्रेन की चपेट में आ गए। इनमें से दो की
मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे
जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देख उसे
मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया। धुंध और कोहरे के चलते ट्रेन दिखाई न देने
से हादसा होने की बात बताई जा रही है।
शनिवार की सुबह साढ़े छह बजे
के करीब कोतवाली क्षेत्र के बनकटा गांव के तीन किशोर 15 वर्षीय अनूप पुत्र
केशव, 16 वर्षीय शिवचरन पुत्र सुक्खू और 16 वर्षीय मनोज पुत्र रामफेर
हमेशा की तरह साथ में शौच के लिए गांव के बगल स्थित रेलवे ट्रैक की ओर गए
थे।
शौच के बाद तीनों सवा सात बजे के करीब वापस घर की ओर लौट रहे
थे। इसी बीच गोंडा गोरखपुर पैसेंजर ट्रेन आ गई। धुंध और कोहरे के चलते
ट्रेन दिखाई नहीं पड़ी, जिससे अनूप और शिवचरन ट्रेन की चपेट में आ गए।
दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे किशोर मनोज ने छलांग लगा दी। उसे
गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की खबर जैसे ही बनकटा गांव में पहुंची,
लोग ट्रैक की ओर दौड़ पड़े। अनूप और शिवचरन के शव देख घर के लोग दहाड़े
मारकर रोने लगे। घटना की सूचना मिलने के बाद वाल्टरगंज पुलिस मौके पर पहुंच
गई। गंभीर रूप से घायल मनोज को तत्काल जिला अस्पताल भेजवाया गया।
जहां
से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया। जबकि दिवंगत दोनों शवों
का पंचनामा कराकर उनके परिवार वालों को पुलिस ने सौंप दिया।