भानपुर (बस्ती)। इकलौते बेटे ने बुजुर्ग पिता का पहले गला रेता फिर फेवीक्विक से चिपकाने की कोशिश की। बूढ़े बाप की चीख बाहर न सुनाई दे इसलिए टीवी और म्यूजिक सिस्टम चालू कर उसकी आवाज तेज कर दी। इसके बाद घर में ताला बंदकर पिता को लहूलुहान हालत में तड़पता छोड़कर भाग निकला। घटना की जानकारी पड़ोसियों को तीसरे दिन शनिवार की सुबह हुई। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। आरोपी बेटा पूर्व में अपनी पहली पत्नी की भी हत्या कर चुका है।
दिल दहला देने वाली यह वारदात सोनहा थाना क्षेत्र के दरियापुर जंगल टोला के भैसहवा निवासी रेलवे के रिटायर्ड चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रामदेव मिश्र (65) के साथ गुरुवार रात हुई। शनिवार को बिजली न होने और इन्वर्टर भी डिस्चार्ज होने के बाद जब टीवी और म्यूजिक सिस्टम की आवाज मंद पड़ी तो पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने रामदेव के कराने की आवाज सुनी। उसने ग्राम प्रधान को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचे प्रधान के प्रतिनिधि महेंद्र पांडेय ने ‘डायल 100’ पर सूचना देकर पुलिस बुलाई। ताला तोड़ा गया तो भीतर रामदेव को मरणासन्न हाल में देख पुलिस और स्थानीय लोग सकते में आ गए। तत्काल उन्हें भानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है लेकिन हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की बाबत सोनहा थाने के प्रभारी निरीक्षक श्रीनाथ यादव का कहना है कि रामदेव ने इशारों में पुलिस को आपबीती बताई। आरोपी बेटा जगदीश (40) घटना के बाद से ही फरार है। वर्ष 2005 में वह पत्नी को छत से धकेलकर उसकी हत्या कर चुका है। पत्नी की हत्या में जेल से छूटने के बाद बेरोजगार जगदीश ने दूसरी शादी की। दूसरी शादी से उसे दो बच्चे भी हैं। परिवार की ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। फिलहाल आरोपी युवक और उसके पत्नी-बच्चों की तलाश की जा रही है।