रामजानकी मार्ग पर सड़क हादसे मंे क्षतिग्रस्त वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
छावनी। रामजानकी मार्ग पर रूपगढ़ गांव के पास शुक्रवार सुबह में ट्रक और डीसीएम की आमने सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में डीसीएम चालक की मौत हो गई जबकि डीसीएम में बैठे सात सब्जी व्यवसायी घायल हो गए।
विशेषरगंज बाजार से एक डीसीएम पर सवार होकर सब्जी व्यवसायी फैजाबाद मंडी के लिए रवाना हुए। सुबह साढ़े सात बजे करीब रामजानकी मार्ग पर रूपगढ़ गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से डीसीएम की टक्कर हो गई। इसमें डीसीएम चालक मदन मोहन शर्मा (40) निवासी ग्राम शेखपुरा थाना छावनी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि डीसीएम पर सवार सब्जी व्यवसायी रामधनी (33) तथा रामबहादुर (45) निवासी ग्राम शेखपुरा, लालजी राजभर निवासी विशेषरगंज, रामचंदर उर्फ भल्लू (45) बुझौकापुर, नंदलाल (42) निवासी दांवरपारा, राजेश सैनी (40) निवासी मालीपुरवा बरसांव और हृदयराम निवासी रामनगर थाना दुबौलिया घायल हो गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से सभी घायलों छावनी के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। लालजी राजभर तथा रामचंदा उर्फ भल्लू की गंभीर हालत देख फैजाबाद जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद ट्रक को छोड़ चालक भागने में सफल रहा। देर शाम इस संबंध में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।