बस्ती। जिला कृषि अधिकारी की टीम ने बृहस्पतिवार को शहर से सटे नगर बाजार, कुसौरा और शिवपुर चौराहे पर बीज की खुदरा दुकानों पर छापा मारा। टीम ने 13 दुकानों की जांच की। गड़बड़ी पाए जाने पर तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। बिक्री लाइसेंस न दिखा पाने के आरोप में एक दुकान को सीज कर दिया गया। एक दुकान से बीज के चार नमूने लिए गए। हालांकि छापे की भनक लगते ही अधिकतर दुकानों के शटर गिराकर विक्रेता भाग खड़े हुए।
जिला कृषि अधिकारी डाक्टर सतीशचंद्र पाठक ने बताया कि विभाग को शिकायत मिल रही थी कि विकास खंड बहादुरपुर क्षेत्र के नगर बाजार, कुसौरा और शिवपुर चौराहे पर बीज की दुकानों पर अनियमितता बरती जा रही है। बताया कि गोपनीय तरीके से उन्होंने गार्ड के साथ छापा मारा। सबसे पहले नगर बाजार स्थित शिवम बीज भंडार, यादव बीज भंडार, दीपक बीज भंडार, मौर्य बीज भंडार एवं अनमोल बीज भंडार पर छापेमारी की गई।
उसके बाद कुसौरा स्थित अजय सीड कंपनी, हिंद सीड कंपनी, राज बीज भंडार व उत्तम बीज भंडार के दुकानों की जांच की गई। इसी तरह शिव चौराहे पर स्थित वर्मा बीज भंडार का निरीक्षण हुआ। बताया कि दुकानें बंदकर भागने वाले अजय बीज भंडार, राज बीज भंडार और अनमोल बीज भंडार के लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया। वर्मा बीज भंडार शिव चौराहा की जांच में वह लाइसेंस नहीं दिखा पाए। इसके चलते उनकी दुकान को सीज कर दिया गया। इसी तरह कुसौरा स्थित हिंद सीड के यहां से संदिग्ध दिखे बीज के चार नमूने लिए गए। बताया कि महातम पुत्र किशोर और राम आशीष बीज भंडार की दुकान बंद पाई गई।
इनसे बंद होने का कारण पूछा गया। बताया कि छापेमारी की कार्रवाई चलती रहेगी। उन्होंने किसानों से कहा कि अगर उन्हें कहीं भी खाद और बीज मिलने की शिकायत है तो वह उनके मोबाइल नंबर 972131521 पर काल या मिस काल करें। त्वरित कार्रवाई होगी और सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।