बस्ती रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने नशीला पदार्थ के साथ वीरेंद्र, संदीप और राजकुमार को गिरफ्तार किया।
- फोटो : रमेश मिश्र
बस्ती। बस्ती रेलवे स्टेशन के प्लेट फार्म नंबर एक पर रविवार की सुबह संदिग्ध अवस्था में घूम रहे तीन युवकों को जीआरपी ने पकड़कर जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 325 ग्राम नशीला पाउडर बरामद हुआ। इनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। तीनों युवक हरियाणा के रहने वाले हैं। इसके साथ ही जीआरपी ने डेढ़ माह पूर्व कृषक एक्सप्रेस और एक माह पूर्व यशवंतपुर गोरखपुर एक्सप्रेस में यात्रियों से लूट की की घटनाओं के पर्दाफाश का दावा किया है।
रविवार की सुबह पौने नौ बजे के करीब जीआरपी एसओ तरुण कुमार पांडेय रेलवे स्टेशन के प्लेट फार्म नंबर एक घूम रहे तीन संदिग्ध युवकों को रोका। सिपाहियों ने तीनों की तलाशी ली तो उनके पास से 325 ग्राम नशीला पाउडर मिला। यह पाउडर नशीली गोली को पीसकर तैयार किर्या गया था।
पकड़े गए तीनों युवकों ने पूछताछ में बताया कि वे ट्रेन में यात्रियों के साथ घुलमिल जाते हैं। बाद में उन्हें चाय या ब्रेड मक्खन में नशीले पाउडर मिलाकर दे देते थे। इसके बाद यात्री गहरी नींद या बेहोशी की अवस्था में चले जाते थे। बाद में वे आसानी से उनका सामान उड़ा देते थे। एसओ तरुण ने बताया तीनों का अपना गिरोह है। इन तीनों ने डेढ़ माह पूर्व कृषक एक्सप्रेस में और एक माह पूर्व यशवंतपुर गोरखपुर एक्सप्रेस में यात्रियों पर नशीले पाउडर का प्रयोग कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
पकड़े गए लोगों में वीरेंद्र पुत्र भरत सिंह निवासी हासी सिटी थाना हासी सदर जिला हिसार हरियाणा, संदीप पुत्र दीवान सिंह निवासी कनू थाना अदरगोवा जिला हिसार, हरियाणा और राजकुमार उर्फ राजा पुत्र लच्छीराम निवासी पूगढ़, थाना भवानीखेड़ा जिला भिवाणी हरियाणा बताए गए हैं।