कोतवाली थाना क्षेत्र में मिल्ल्तनगर में महफूज आलम के घर को चोरों ने खंगाला।
- फोटो : रमेश मिश्र
बस्ती। कोतवाली क्षेत्र में एक बार फिर चोरों ने बंद पड़े घरों को निशाना बनाया है। पीड़ित ने शनिवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर पर्दाफाश की मांग की है। ताबड़तोड़ चोरी की वारदातों ने गांधीनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
मिल्लत नगर बेलवाड़ी मोहल्ले के महफूज आलम ने कोतवाली पुलिस को तहरीर में बताया है कि वह पत्नी शबनम की दवा कराने बुधवार को लखनऊ मेडिकल कॉलेज गए थे। शुक्रवार शाम को जब लौटे तो देखा मेन गेट का ताला गायब था। अंदर सभी कमरों के ताले टूटे और दरवाजे खुले थे। कमरे में सामान बिखरे पड़े थे। आगे वाले कमरे में रखी आलमारी का लाकर तोड़कर चोरों ने 20 हजार रुपये और सोने का झाला, चेन, सोने की दो अंगूठी और चांदी की पायल चुरा लिए।
इतना ही नहीं बच्चे का स्कूल बैग तक चोर उठा ले गए। कमरों की हालत देखने से लग रहा था कि चोरों ने आराम से घर को छाना है। घटना की जानकारी होने पर गांधीनगर चौकी इंचार्ज संजय शाही मौके पर पहुंचे और पीड़ित पक्ष को दोषी बताकर चले गए। मौके पर पुलिस की फोरेंसिक टीम भी नहीं पहुंची, जिससे चोरों का सुराग लग सके। इससे पहले रफीक नगर बेलवाडाड़ी मोहल्ले में रहने वाले शिक्षक अब्दुल कादिर ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर अपने घर से 50 हजार रुपये और जेवर के चोरी होने की सूचना दी थी। कोतवाली के निरीक्षक रामधनी ने कहा कि घटना की सूचना है पुलिस टीम को मौके पर गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।