लोहानी गांव के पास दिनदहाड़े रोहतक के पोल्ट्री फार्म मालिक का पिस्तौल के बल पर अपहरण कर लिया। बदमाशों ने व्यापारी से 1.82 लाख रुपये व मोबाइल लूट लिये। वारदात के घंटों बाद व्यापारी की आंखों पर पट्टी बांध कर बदमाश उसे खेतों में छोड़कर फरार हो गए। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
रोहतक के सेक्टर चार निवासी पोहकर सिंह दहिया का लोहानी गांव के पास झरवाई रोड पर पोल्ट्री फार्म हाउस है। दहिया हर रोज सुबह रोहतक से यहां आते और शाम को वापस जाते। शुक्रवार शाम वे अपने फार्म हाउस से अपनी रिट्ज कार से लोहानी के पास ही पहुंचे थे कि अचानक एक वाहन (संभवतया जीप) ने उनका रास्ता रोक लिया और चार युवकों ने उनकी कार का शीशा तोड़ दिया। पिस्तौल के बल पर जबरदस्ती खिड़की खोलकर भीतर घुस गए और खुद कार ड्राइव करने लगे। कार को हेतमपुरा की ओर ले गए।
करीब चार घंटे बाद दहिया ने पुलिस को कॉल करके आपबीती बताई। बदमाशों ने दहिया से लगभग 1.82 लाख रुपये व मोबाइल छीन लिया। सदर थाना प्रभारी उदमीराम ने बताया कि बदमाश लूट के बाद पोल्ट्री फार्म मालिक की आंखों पर पट्टी बांध कर हेतमपुरा गांव के खेतों में छोड़कर भाग गए। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बदमाशों की तलाश में पुलिस जुटी है।
राहगीर की मुस्तैदी बनी मददगार
वारदात के तुरंत बाद पोहकर सिंह दहिया के एक जानकार राहगीर मुस्तैदी नहीं दिखाते तो शायद परेशानी और बढ़ जाती। जब बदमाशों ने दहिया का अपहरण कर रिट्ज कार को बेतहाशा रफ्तार से दौड़ाते हुए लोहानी गांव के चौक से गुजरे, तभी उनके जानकार की नजर गाड़ी पर पड़ी। वे फौरन दहिया की गाड़ी पहचान गए है और यह भी आभास हो गया कि कुछ गड़बड़ है। इसके बाद राहगीर ने दहिया के बेटे को बताया। इस तरह मामला तुरंत पुलिस तक पहुंच गया। जूई पुलिस चौकी प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि सूचना के बाद इलाके की नाकेबंदी कर ली। इस वजह से बदमाश हेतमपुरा से आगे नहीं बढ़ पाए।
बदमाशों ने बालू के टिब्बे की ओट ली
यह बात तो सही है कि पुलिस की नाकेबंदी के बाद बदमाश आगे नहीं बढ़ सके। लेकिन, पुलिस की घंटों दौड़-धूप के बावजूद पुलिस न बदमाश ढूंढ सकी और न ही व्यापारी को। दरअसल, बदमाशों ने हेतमपुरा के सुनसान क्षेत्र के एक टिब्बे की ओट ले ली। इसी बालू के टिब्बे के पीछे वारदात को अंजाम देने के बाद दहिया की आंखों पर पट्टी बांध कर आसानी से भाग गए। रात नौ बजे तक पुलिस उस लोकेशन पर नहीं पहुंच पाई। बाद में खुद दहिया ने पुलिस को इत्तला दी।