सोमवार की रात चोर कस्बे में स्थित मोबाइल की दुकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर 26 मोबाइल और अन्य एसेसरीज के साथ ही 12 हजार रुपये नकद गायब कर दिए। दुकानदार ने मंगलवार की सुबह थाने में तहरीर दी।
थाना क्षेत्र के बनकटवा निवासी मुरलीधर दुबे कस्बे में टैक्सी स्टैंड के पास किराए की दुकान में मोबाइल रिपेयरिंग और बेचने का काम करते हैं। सोमवार को दुकान बंद कर घर चले गए। मंगलवार की सुबह जब दुकान खोले तो सारा सामान बिखरा देख हतप्रभ रह गए। दुकानदार ने बताया कि आठ नए मोबाइल के साथ ही 12 मल्टीमीडिया और छह अन्य सेट, 10 बैटरी, हेडफोन एवं अन्य एसेसरीज उठा ले गए। गल्ले में रखे 12000 नकदी भी चोर उठा ले गए। 100 नंबर पर पुलिस को घटना की सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची। थानेदार रवि राय ने बताया कि तहरीर की जांच की जा रही है।