चोरों पर पुलिस की गश्ती का कोई असर नहीं है। शनिवार रात कोतवाली थाना क्षेत्र के मड़वानगर और मूड़घाट में नकदी और जेवरात ले गए। पीड़ित शिक्षक दंपती और लैब सहायक की सूचना पर पुलिस छानबीन कर रही है।
शहर के मूड़घाट मोहल्ले में नगर बाजार के संदीप कुमार ने घर बनवाया है। संदीप शिवहर्ष किसान पीजी कॉलेज में लैब सहायक हैं। बृहस्पतिवार को एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर चले गए। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से वापस मूड़घाट वाले घर में पहुंचेे तो बाहर से ताला लगा था लेकिन कमरे के अंदर पहुंचने पर सारा सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी और बॉक्स का ताला टूटा था। इसमें रखे 25 हजार रुपये और जेवरात गायब थे। बताया कि घर के पीछे से आंगन में आकर कमरे में चोर घुसे। इसके बाद एक-एक कर आलमारी और बॉक्स खंगाला। संदीप की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात खिलाफ चोरी का मुकदमा पंजीकृत मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, बहादुरपुर ब्लॉक में पूर्व माध्यमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक सुभाष चंद्र के मड़वानगर स्थित घर में घुसे चोर जेवरात, नकदी आदि समेट लिए। सुभाष चंद्र की पत्नी उर्मिला भी पूर्व माध्यमिक विद्यालय तिलकूपुर में सहायक अध्यापक हैं। शिक्षक दंपती मूल रूप से संतकबीरनगर के पौली क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि शुक्रवार रात मड़वानगर में ही साले विनोद कुमार के घर पत्नी के साथ रुके थे। घर में बच्चे थे। सुबह उठने पर उनकी पैंट घर के बाहर फेंकी मिली जबकि बैग और पत्नी के पर्स से 20 हजार रुपये, अंगूठी, चेन व कई महत्वपूर्ण कागजात गायब थे। सुभाष की आशंका है कि शायद अपने घर में ताला लगाना भूल गए। इससे चोर आसानी से घर में पहुंचकर सामान और नकदी समेट लिए। घटनाओं की बाबत कोतवाल विजयेन्द्र सिंह का कहना है कि पीड़ितों ने सूचना दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।