‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का खाता खोलने के नाम पर गोलमाल का मामला प्रकाश में आया है। पुरानी बस्ती और परशुरामपुर क्षेत्र की 18 महिलाओं से फार्म भराया गया। जालसाज ने उन खातों में दो-दो लाख रुपए खाते में आर्थिक सहायता भेजने का झांसा दिया। बिना किसी पुख्ता आधार के लोगों सेे फार्म भरवाने के का मामला जब पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया तो पुरानी बस्ती थाने में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की गई। एसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि झांसा देने वाले कौन लोग थे और उनका इस तरह से करने के पीछे उनका मकशद क्या था, इसकी छानबीन की जा रही है।
पुरानी बस्ती के रसूलपुर निवासी फरजाना खातून ने पुलिस को तहरीर दिया कि कुछ लोग खुद को सरकारी मुलाजिम बताकर उनसे और उनकी बहन से खाते खोलवाए। फार्म भरवाकर बैंक में खाता खुलवाने की बात कहकर फार्म भराया गया था। बताया गया कि खाते खुलने के बाद इसमें दो-दो लाख रुपए आएंगे। जब इसकी आम लोगों को जानकारी हुई तो किसी ने शासन तक को प्रकरण की शिकायत की। शासन स्तर से प्रशासनिक अफसरों को जांच कर उचित कार्रवाई का निर्देश दिया गया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।