गौर थाना क्षेत्र के कवलसिया में विवाहिता की मौत की जांच करने पहुंचे पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
गौर। थानाक्षेत्र के कवलसिया गांव में 22 वर्षीय विवाहिता की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। कमरे में अधजला शव मिला, जिसके आसपास कपड़े भी जले हैं। मायके के लोग जलाकर मार डालने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि ससुराली मौत की वजह करंट बता रहे हैं।
सोनहा थानाक्षेत्र के पेलनी गांव निवासी राम सजीवन ने बेटी सोनी की शादी करीब दो साल पहले गौर क्षेत्र के कवलसिया निवासी वीरेंद्र के साथ की थी। तीन भाइयों में दूसरे नंबर के वीरेंद्र मुंबई रहते हैं, जबकि उनके बाकी परिवार में भाई बबलू और अमित के अलावा मां रेशमा देवी गांव में रहती हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार को भोर में करीब चार बजे परिवार के बाकी लोग जागे लेकिन जब उसके कमरे में कोई हरकत नहीं हुई तो लोगों ने भीतर जाकर देखा तो दंग रह गए।
बिस्तर पूरी तरह से जला हुआ था। उसके बगल सोनी की अधजली हालत में लाश पड़ी थी। विवाहिता के चाचा राम स्वरूप ने बताया कि सवा पांच बजे उन्हें घटना की जानकारी दी गई कि करंट से आग लग गई, जिससे सोनी जल गई। क्षेत्राधिकारी हर्रैया शिवदास मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।