बनकटी। बस्ती-महुली मार्ग पर शनिवार दोपहर बाइक सवार ऑटो की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिरे बाइक चालक ने अस्पताल पहुंचने के पहले दम तोड़ दिया। जबकि बाइक साथ रही मां का पैर फ्रैक्चर हो गया।
लालगंज थाना क्षेत्र के विरतियां गांव के विन्देश्वरी अपनी 65 वर्षीय मां गुजराती की आंख की दवा कराने बाइक से बस्ती जा रहे थे। शनिवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे जैसे ही बस्ती-महुली मार्ग स्थित आमकोइल तिराहे पर पहुंचे थे कि ऑटो रिक्शा की साइड बाइक में लग गई। साइड लगते ही बाइक समेत सड़क पर गिरे विन्देश्वरी गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर पर हेलमेट नहीं होने की वजह से गंभीर चोट लगी जबकि मां का एक पैर टूट गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सहित मां गुजराती करीब 20 मीटर दूर जाकर गिरीं। हादसे के बाद आसपास के लोग भी जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों के सहयोग से विन्देश्वरी को कैली अस्पताल के लिए भेजा, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इधर, मां को पीएचसी लाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार कर डॉक्टर ने कैली अस्पताल रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि विन्देश्वरी ने हेलमेट पहना होता तो सिर में इतनी गंभीर चोट भी नहीं लगती और जान भी बच सकती थी। लोगों का कहना था कि 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई लेकिन मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस वालों ने प्राइवेट वाहनों से घायलों को अस्पताल भेजवाया।
मां बार-बार पूछ रही बेटे का हाल
हादसे में पैर टूटने के बाद दर्द से कराह रही 65 वर्षीय मां को अभी पता नहीं है कि उसका 35 वर्षीय बेटा इस दुनिया में नहीं है। वह अपने दर्द को भूलकर बार-बार बेटे विन्देश्वरी का कुशल क्षेम पूछ रही है। पिता की मौत के बाद विन्देश्वरी पर ही परिवार की जिम्मेदारी थी। वृद्धा मां, पत्नी और दो छोटे बच्चों के अलावा एक अविवाहित छोटा भाई है। हादसे की जानकारी होने के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।