बस्ती। कप्तानगंज के थानाध्यक्ष एवं महराजगंज चौकी के तत्कालीन इंचार्ज पर फर्नीचर एवं ईंट की कीमत हड़प करने का मामला सामने आया है। इसमें एसीजेएम प्रथम हरिश्चंद्र की अदालत ने एसओ सतानंद पांडेय व पूर्व चौकी इंचार्ज संतोष कुमार मिश्रा को तलब कर लिया है। 30 अप्रैल को दोनों अदालत में हाजिर होकर जवाब देंगे।
महराजगंज के फर्नीचर व्यापारी गिरजा शंकर अग्रहरि ने दोनों पर रकम हड़पने का आरोप लगाया। प्रार्थनापत्र में कहा है कि एसओ सतानंद पांडेय ने 22 सितंबर 2018 को किराए की पिकअप में दो दीवान बेड उसकी दुकान से 26 हजार रुपये में खरीदकर अपने गोरखपुर स्थित आवास पर भेजा। मगर रकम नहीं दी। इसी दिन चौकी इंचार्ज संतोष कुमार मिश्र ने चौकी पर शौचालय बनवाने के लिए नौ हजार रुपये कीमत की ईंट व नौ हजार रुपये नकद लिया। यह बकाया मांगने 11 नवंबर को वह थाने पर गया तो दिन भर बैठाए रखने के बाद शाम को दोनों पुलिस अधिकारी नाराज होकर उसे गाली देने लगे। आरोप है कि एक साजिश के तहत मटेहनियां गांव में हुए एक दूसरे के विवाद में 14 नवंबर 2018 को उसके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर दिया। उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू हुई। इससे दोनों अधिकारी उससे नाराज होकर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगे। अदालत ने उक्त बातों के मद्देनजर एसओ और चौकी इंचार्ज (तत्कालीन) दोनों को तलब कर लिया है।