लग्जरी कार से खलीलाबाद व हर्दिया चौराहे के पास बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले बदमाश पश्चिम यूपी के थे। घायलों के बयान के आधार पर पुलिस ने कहा कि उनकी बोली-भाषा सहारनपुर से लखनऊ के बीच की लग रही थी। सोमवार को दोपहर बाद करीब दो बजे के आसपास वे छावनी के चौखड़ी व बस्ती के बड़ेवन टोल प्लाजा पर लगी सीसीटीवी के फुटेज में ब्रेजा कार आते दिखी। दोनों जगह बाकायदा टोल अदा करके बदमाश आगे बढ़े। पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने आने के दौरान रेकी की और वापस लौटते समय चिन्हित स्थानों पर वारदात को अंजाम दिया।
सोमवार देर शाम कोतवाली थाना क्षेत्र के हर्दिया चौराहे के पास बिल्डिंग मैटेरियल के मालिक की दुकान व घर में लूटपाट करने वाले बदमाशों के बारे में पुलिस मंगलवार को सुरागकशी करने में जुटी रही लेकिन किसी अंतिम नतीजे पर तो नहीं पहुंची। लेकिन पीड़ितों के बयान और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस जल्द ही पर्दाफाश का दावा कर रही है। पुलिस को एक घंटे के भीतर पहले खलीलाबाद में मार्बल व्यापारी और फिर बस्ती में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान में ताबड़तोड़ वारदात में एक गैंग के ही शामिल होने की पूरी आशंका जताई जा रही है। एसपी का कहना है कि बदमाशों के हुलिए के आधार पर उनकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। क्राइम ब्रांच की टीम को भी धरपकड़ में लगा दिया गया है।