बस्ती। पुलिस लाइंस में रहने वाले सर्विलांस सेल के सिपाही जनार्दन प्रजापति के बेटे आयुष उर्फ कृष्णा (4) का शव शुक्रवार को कुआनो नदी में मिश्रौलिया गांव के पास मिला। वह बृहस्पतिवार की शाम से गायब था।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि कृष्णा की मौत नदी में डूबने से हुई है या उसकी हत्या की गई है। हालांकि पुलिस ने हत्या और शव छिपाने की धारा में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से गोरखपुर के उरुवा बाजार क्षेत्र के देवराजपाल गांव निवासी सिपाही जनार्दन प्रजापति का बेटा कृष्णा पुलिस लाइंस के पास ही एक स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था। बृहस्पतिवार को स्कूल से वापस आने के बाद कृष्णा पुलिस लाइंस की फील्ड में खेलने चला गया।
काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोग परेशान हो गए। रात में जनार्दन ने बेटे के गायब होने की सूचना पुलिस अधिकारियों को दी। रात साढ़े ग्यारह बजे तक जनार्दन अपने साथियों के साथ पुलिस लाइंस के आसपास बेटे की तलाश करते रहे। लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला।
शुक्रवार की सुबह कोतवाली पुलिस को मिश्रौलिया गांव के पास कुआनो नदी में किसी बच्चे की लाश मिलने की सूचना मिली। सूचना पर जनार्दन भी मौके पर पहुंच गए। बच्चे की लाश निकाली गई तो सिपाही जनार्दन के पैरों तले जमीन खिसक गई।
लाश उनके बेटे कृष्णा की थी। मौके पर एएसपी, सीओ सिटी, कोतवाल आदि भी पहुंचे। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के बाद बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेटे का शव देख मां-बाप का रो-रो कर बुरा हाल था। पुलिस अधिकारी भी घटना को लेकर दु:खी और तनाव में हैं। शाम को अज्ञात के खिलाफ हत्या और शव छिपाने की धारा में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। कृष्णा की मौत की जानकारी पर शुभचिंतकों का तांता लगा रहा।