कोतवाली थाना क्षेत्र के विद्युत वितरण द्वितीय में तैनात उपखंड अधिकारी मोहित कुमार को एक युवक की ओर से दुष्कर्म के आरोप में फंसा देने की धमकी महंगी पड़ गई। अभियंता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मोहित कुमार के मुताबिक संतकबीरनगर के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम डारीडीहा निवासी कुलदीप चौधरी शुक्रवार को एक युवती को लेकर उनके पास आया। उसने सीधे युवती को उपखंड अधिकारी से मिलवाकर पहचानने की बात कही। पहले तो वे कुछ समझ नहीं पाए लेकिन जब कुलदीप ने धमकी दी कि दुष्कर्म के मामले में फंसा दूंगा तो वे डर गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दे दी। क्षेत्राधिकारी सदर एसएन सिंह ने कहा कि उपखंड अधिकारी की तहरीर पर उक्त युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।