विक्रमजोत मे पकड़ी गयी अवैध बालू की ट्राली।
विक्रमजोत पुलिस चौकी पर धावा बोलकर दबंग अवैध बालू लदी पकड़ी गई पांच ट्रैक्टर-ट्राली जबरन छुड़ा ले गए। इस दौरान हस्तक्षेप करने वाले सिपाही को भी बुरी तरह से पीटा। सूचना के बाद कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। दबाव बढ़ता देख अपराधी पुलिस के सामने असलहा लहराते भाग गए। इस दौरान पुलिस बेबस मूकदर्शक बनी रही। सीओ कृष्ण मुरारी ने घायल सिपाही को इलाज के लिए सीएचसी विक्रमजोत भेजा। प्रभारी एसओ की तहरीर पर चार नामजद सहित चालीस लोगों के के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष श्रीकृष्ण यादव व उप निरीक्षक उमेशचंद्र यादव, सिपाही हमराहियों के साथ सुबह करीब 10 बजे चौकी के सामने चेकिंग करने लगे। तभी अयोध्या पंप कैनाल से होकर बालू लदी पांच ट्रैक्टर-ट्राली आ पहुंची। सभी को पुलिस ने रोक कर चौकी पर खड़ा करा दिया। उनके ड्राइवर सूर्य भान निवासी कल्याणपुर, रामकुमार निवासी नेतवर, तिन्ने निवासी खतमसराय, भोला निवासी पड़रिया और संजय निवासी सौरी को चौकी के लाकर में बंद करके एक सिपाही को सुरक्षा में लगा दिया।
इसके बाद प्रभारी थानाध्यक्ष मुखबिर की सूचना पर बीड़ी बांध के पास कन्हईपुर व बेतावा में चल रहे खनन पर दबिश देने चल दिए। तभी मौका पर कर ट्रैक्टर मालिक बब्बूनोहरी सिंह उनके भाई रमाकांत सिंह स्कापियो से अपने गनर व समर्थकों के साथ चौकी पर आ धमके और चार गाड़ियां लेकर जाने लगे। सिपाही नरेंद्र गुप्ता ने जब रोकना चाहा तो उसे मारपीट कर चौकी से भगा दिया।
प्रभारी एसओ श्रीकृष्ण यादव ने बताया कि तहरीर पर चार नामजद रमाकांत सिंह उनके भाई बब्बू नोहरी सिंह, लव सिंह, कुशवाह सिंह के अलावा चालीस अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, चौकी पर हमला, सीएल खनिज एक्ट धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।