- रायपुर वन चौकी के पास वनकर्मियों की टीम की रेकी कर रहा था आरोपी
गोला रेंज की रायपुर बीट के कंपार्टमेंट नंबर दो में रविवार/सोमवार रात जंगल के अंदर काटे गए पेड़ के मामले में वन विभाग ने एक लकड़कट्टे को गिरफ्तार कर लिया है। वन विभाग ने वन अधिनियम की धारा 26,41 और 42 के तहत लकड़कट्टे का चालान काट कर भेज दिया।
रेंजर गोला उमेश चंद्र राय ने बताया कि रेंज की रायपुर बीट के कंपार्टमेंट नंबर दो में लकड़कट्टों ने 19 सितंबर की रात जंगल के अंदर चोरी से सागौन के तीन पेड़ काट डाले थे। उन्होंने बताया कि डीएफओ अखिलेश पांडे ने वनकर्मियों की टीम गठित कर लकड़कट्टों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। रेंजर ने बताया लकड़ी कटान मामले का एक आरोपी थाना भीरा के बैबहा गांव निवासी सुरेन्द्र पाल सिंह उर्फ सोनू मंगलवार दोपहर रायपुर वन चौकी के निकट लकड़कट्टों की गिरफ्तारी के लिए गठित वनकर्मियों की टीम की रेकी कर रहा था। उन्होंने बताया इस दौरान उनके नेतृत्व में गठित टीम में शामिल वन दरोगा अनुज रंजन, अमित प्रकाश मिश्र, विजय शुक्ला और संजय आजाद ने बाइक को घेरकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लकड़कट्टे का वन अधिनियम के तहत चालान काट कर भेज दिया गया है।