कप्तानगंज। नेशनल हाइवे पर बृहस्पतिवार आधी रात को गश्त पर निकली जीप में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इससे जीप रोड पर पलट गई। जीप में सवार दो सिपाही व एक होमगार्ड घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई। लेकिन वह काफी देर से पहुंची। जिसे लेकर तकरार भी हुई।
कप्तानगंज थाने की जीप से रात में पुलिस की टीम गश्त पर निकली। मेन चौराहे पर गाड़ी खड़ी करके गश्त की योजना बनाने लगे, तभी पीछे से आए किसी चार पहिया वाहन ने जीप में जोरदार ठोकर मार दिया। इससे जीप पलट गई।
उसमें सवार सिपाही संतोष कुमार व तेज प्रताप के अलावा होमगार्ड राम सुरेश जख्मी हो गए। तीनों को पहले सीएचसी भेजा गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया। संतोष की गंभीर स्थिति देखते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। शाहगंज गोरखपुर के निवासी संतोष कुमार का वहीं के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।