सदर कोतवाली में खड़ा ट्रक जिसमें पकड़ी गई चंदन की लकड़ियां।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ एसटीएफ ने सदर कोतवाली पुलिस के साथ जीटी रोड स्थित मानीमऊ के पास से तस्करी कर लाई जा रही करीब ढाई क्विंटल चंदन की लकड़ी बरामद की है। पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा। पूछताछ के बाद दो को छोड़ दिया, जबकि दो लोगों को गिरफ्तार किया है। लखनऊ की एसटीएफ टीम प्रभारी हेमंत भूषण सिंह को सूचना मिली की दो ट्रकों पर चंदन की लकड़ी लादकर उड़ीसा से लाई जा रही है। इस पर उन्होंने अपनी टीम और सदर कोतवाली प्रभारी अजयराज वर्मा व एसएसआई आरसी पांडेय के साथ मानीमऊ के पास जीटी रोड पर ट्रक की तलाश शुरू की।
इसी बीच ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक कोे रोकने का प्रयास किया तो चालक ट्रक को और तेज गति मेें चलाने लगा। पुलिस व एसटीएफ टीम ने ट्रक का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। ट्रक की तलाशी में बैटरी मिली। उसी के साथ चार गत्ते रखे हुए थे। इसमें चंदन की लकड़ी पाई गई। एसटीएफ और पुलिस टीम ट्रक को सदर कोतवाली लाई।
बरामद चंदन की लकड़ी करीब ढाई क्विंटल बताई जा रही है। टीम ने बुलंदशहर के थाना शिकारपुर के गांव बरौली निवासी मुकेश पुत्र चंद्रपाल व उसके पुत्र के अलावा सदर कोतवाली के मोहल्ला हाजीगंज निवासी अजीज पुत्र मुजीद और शेखाना निवासी एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूरे दिन चली कोतवाली में पूछताछ के बाद दो लोगों को छोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि उक्त चंदन की लकड़ी को कन्नौज लाया जा रहा था। अंतरर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई।