बस्ती। हाइवे पर घघौवा पुलिस चौकी क्षेत्र में यात्री प्लाजा के पास टूरिस्ट बस की चपेट में आकार बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे के करीब हुआ।
पैकोलिया थाना क्षेत्र के मदनापुर गांव के 28 वर्षीय अरुण कुमार पुत्र रामअवध शुक्रवार की दोपहर डेढ़ बजे के करीब बाइक से परशुरामपुर थाना क्षेत्र के घघौवा पुलिस चौकी क्षेत्र में यात्री प्लाजा पर जा रहे थे। वह वहीं काम करते थे।
बाइक को लेकर वह कटे डिवाइडर से सड़क क्रास कर रहे थे कि अचानक बस्ती से फैजाबाद की ओर जा रही टूरिस्ट बस की चपेट में आ गए। जिससे मौके पर उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद टूरिस्ट बस का चालक बस छोड़ भाग निकला, मौके पर पहुंची घघौवा चौकी की पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। इसके बाद बस में मौजूद यात्रियों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य भेजा। बाद में बस को लेकर पुलिस चौकी आ गई। चौकी इंचार्ज का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।