बस्ती।मुण्डेरवा थानाक्षेत्र के ओडवारा में शनिवार की देर रात शार्ट सर्किट से लगी आग से तीन लोगों की रिहायशी झोपड़ी जल गई। वहीं आग की लपटों से एक व्यक्ति और दो मवेशी झुलस गए। 23 अप्रैल की आधी रात को राम अशीष के घर के पास लगे बिजली पोल में शार्ट सर्किट होने से लगी आग में उसकी रिहायशी झोपड़ी समेत घारी जलकर राख हो गई तथा घारी में बंधी गाय की मौत हो गई। उनकी झोपड़ी में रखी राशन, कपडे़, बिस्तर सहित 70 हजार रुपये जल गए। गांव के राम किशन खुद और एक बछिया आग में झुलस गई। रामकिशन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हरीलाल और ओंकार की भी झोपड़ी भी जल गई। उसमें इन लोगों का राशन, कपड़ा आदि राख हो गया। ग्रामीणों की मदद से फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
राख की आग में दो घर जले
हर्रैया। थाना क्षेत्र के हुड़रा कुंवर गांव में घूर पर फेंकी गई राख की चिंगारी से लगी आग से दो घर जलकर राख हो गए। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते तब तक दोनों घरों में रखा अनाज और कपड़े सहित गृहस्थी के अन्य सामान आग की भेंट चढ़ गए।
दोपहर करीब बारह बजे गांव निवासी लेधई का परिवार खाना खाकर सोने चला गया। चूल्हे की राख को घर के समीप घूर में फेंकी राख से निकली चिंगारी से लगी आग लेधई के घर तक फैल गई। उस समय घर के लोग सो रहे थे। जब तक परिवार वाले कुछ समझ पाते आग ने प्रचंड रूप धारण कर लिया। बगल के रहने वाले सुरेमन का घर भी आग की चपेट में आ गया। ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया। लेखपाल महेंद्र उपाध्याय ने गांव पहुंचकर हुई क्षति का आंकलन कर सहायता के लिए तहसीलदार को रिपोर्ट भेजी है। ग्राम प्रधान ने पीड़ितों को सहायता दी।
वहीं पैकोलिया थाना क्षेत्र के तेनुआ चौराहे के बगल में बिजली के शार्ट करने के कारण शोहबत अली पुत्र गुलाम मोहम्मद के दो झोपड़ियों में आग लग गई। इनमें रखे कपड़े, तख्त, अनाज जल गए। पांच मुर्गियां भी जल कर मर गई हैं। दूसरे छप्पर में रखी चारा काटने की मशीन और साइकिल जली है। मौके पर थाने के एसआई राम वशिष्ठ और सिपाही सतेंद्र कुमार ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में बसडिलिया गांव के खेत में डंठल में आग लगी, जिसे बुझा दिया गया।
अग्निपीड़ितों को मंत्री ने दी मदद
हर्रैया। 22 अप्रैल को गोभिया गांव में लगी आग से प्रभावितों को पंचायती राज मंत्री राज किशोर सिंह ने रविवार को गांव आर्थिक मदद दी। कहा कि सरकार गरीबों के साथ है। अग्निपीड़ितों को तुरंत राहत देने के लिए शासन स्तर से निर्देश जारी किए गए हैं। सपा शासन काल में दैवी आपदाओं से हुए जान माल की क्षति पर तत्काल सहायता उपल्ब्ध कराई जा रही है। इस मौके पर अरविंद सिंह, जटा शंकर सिंह, धर्म पाल सिंह, पप्पू सिंह, राजा पांडेय, प्रमोद सिंह, कैलाश यादव, राजेश पांडेय, गंगाराम चौधरी मौजूद रहे।