पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर बोलेरो से दुर्घटना होने पर मौत होने पर विलाप करते परिजन।
हाइवे पर पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र के रुधौली गांव के सामने बेकाबू बोलेरो ने एक बाइक को चपेट में ले लिया, जिस पर चार लड़के सवार थे। चारों शहर से दुर्गापूजा मेला देखकर घर लौट रहे थे। घटना में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने बाइक चला रहे 17 वर्षीय राजू यादव को मृत घोषित कर दिया। पीछे बैठे तीन में से एक अजय कुमार की हालत नाजुक देख लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जबकि दो अन्य जिला चिकित्सालय में भर्ती हैं।
वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव से राजू यादव (16) पुत्र रामभवन की बाइक पर सवार होकर वहीं के 13 वर्षीय अजय कुमार पुत्र विजय कुमार, 15 वर्षीय चिंटू व पिंटू पुत्र फूलचंद मेला देखने शहर में गए हुए थे। चारों पक्के से मेला देखकर पिंटू के मामा के घर पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के खवासबारी जाने लगे। वे जैसे ही रुधौली गांव के पास हाईवे पर चढ़े कि गोरखपुर की ओर से तेज गति से आ रही बोलेरो की चपेट में आ गए। बोलेरो चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। हादसे के बाद आसपास की लोगों की मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।