बस्ती। जिले में फर्जी आईडी प्रूफ पर मोबाइल के सिम को एक्टीवेट कर उसे मनमाने मूल्य पर बेचने के एक पुराने मामले में कोतवाली पुलिस ने प्राइवेट मोबाइल कंपनी के अधिकारी को गिरफ्तार किया है। सीजेएम कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार अफसर आजमगढ़ जिले का रहने वाला है। पुलिस को उसकी नौ महीने से तलाश थी।
पिछले साल नौ अगस्त को कोतवाली क्षेत्र के बड़ेवन चौराहे के पास एक मोबाइल की दुकान पर पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की थी। इस दौरान दुकान पर बड़ी संख्या में एक्टीवेटेड सिम मिले थे। इन सिमों को फर्जी आईडी के जरिए एक्टीवेट किया गया था। इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों ने पुलिस को बताया था कि उन्हें एक मोबाइल कंपनी के टीएसएम की ओर से एक्टीवेटेड सिम उपलब्ध कराया जाता था। जिसे वह मनमानी कीमत पर लोगों को बेचते थे। इसमें जो फायदा होता था उसे आपस में बांट लिया जाता था। पुलिस को तभी से उस मोबाइल कंपनी के टीएसएम की तलाश थी।
कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस चौकी प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि उन्हें शनिवार की देर शाम जरिए मुखबिर सूचना मिली कि वांछित टीएसएम कचहरी इलाके में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वह मौके पर पहुंच गए और आरोपी दीपक सिंह पुत्र जितेंद्र सिंह निवासी फुटहन थाना तरवा जिला आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध कोतवाली में धोखाधड़ी, कूट रचित अभिलेख तैयार करने, अभिलेखों में हेराफेरी करने और षड्यंत्र रचने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।