पुरानी बस्ती थाना के मिश्रौलिया के जगदीश की शव मिलने पर जिला अस्पताल मे पहुचे परिजन।
कोतवाली थानाक्षेत्र के पचपेड़िया मार्ग पर देसी शराब के ठेके के पीछे बृहस्पतिवार को खून से लथपथ मैकेनिक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। उसके सिर पर किसी भारी हथियार से वार किया गया था। घर वालों के मुताबिक जगदीश घर से 48 घंटे से लापता थे। एसपी संकल्प शर्मा व एएसपी रोहित मिश्र ने घटनास्थल का मुआयना किया। परिवार वालों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के खीरीघाट भटोलवा निवासी जगदीश पचपेड़िया मार्ग पर बाइक रिपेयरिंग का काम करते थे। पिता राम उजागिर दास घर से थोड़ी दूर स्थित एक मंदिर के पुजारी थे। बाद में जगदीश उस मंदिर पर अकेले रहने लगे। जबकि पुस्तैनी मकान पर मां सीता देवी, पत्नी शीला तीन बच्चों शनि (10), राधा (8) और अंकित (5) को लेकर रहती थी। जगदीश के शराब पीने की लत से परिवार के लोग परेशान रहते थे। सुबह ठेके से थोड़ी दूरी पर लाश देखकर लोगों ने 100 नंबर पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में घटना स्थल पर सीओ सिटी पवन गौतम, कोतवाल कपिलमुनि सिंह, पुरानी बस्ती एसओ सुधीर सिंह के अलावा फोरेंसिक टीम पहुंची और साक्ष्य इकट्ठा की। आशंका है कि बुधवार रात जगदीश के साथ कुछ लोगों ने शराब पीया था। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।