लालगंज थाना क्षेत्र के पाकरडाण मे स्कूली छात्रा की दुर्घटना मे मौत होने पर सड़क पर शव रख कर किया जाम।
प्रदेश के खेलकूद, आबकारी राज्य मंत्री रामकरन आर्य की फ्लीट की गाड़ी की चपेट में आकर छह साल की बच्ची की मौत हो जाने से बुधवार शाम बस्ती-महुली मार्ग पर तीन घंटे बवाली हालात रहे। गुस्साई भीड़ ने शव रखकर महुली मार्ग जाम कर दिया। कुछ लोगों ने थरौली गांव के करीब भी जाम लगा दिया और कुछ जगह रामकरन आर्य के बैनर-होर्डिंग फाड़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने बल प्रयोग करके भीड़ दौड़ाई और शव कब्जे में लेकर शाम 7.30 बजे स्थिति सामान्य की।
हादसा लालगंज थाना क्षेत्र के पाकरडाड़ चौराहे के पास शाम करीब 4.30 बजे हुआ। हादसे की चपेट में आई नरौली मुरादपुर निवासी अशोक की बेटी अनुराधा अन्नू (8) जो हलुआपार स्थित अपनी मौसी के घर आई हुई थी और शाम को पिता के साथ दर्जी की दुकान पर आई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राज्य मंत्री के काफिले में चार वाहन थे, जो बस्ती से महादेवा की ओर जा रहे थे। तीसरे नंबर पर चल रही इनोवा की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद भी राज्य मंत्री के काफिलें की गाड़ियां आगे दौड़ जाने से लोग आक्रोशित हो गए। रामकरन आर्य के खिलाफ नारे लगाते हुए बच्ची का शव रखकर महुली रोड पर जाम लगा दिया। राज्य मंत्री को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े लोगों को एसडीएम राज नरायन तिवारी, सीओ रुधौली पवन गौतम ने समझाने की कोशिश की लेकिन वे शांत नहीं हुए। पुलिस ने सख्ती कर जल्द आरोपी चालक को गिरफ्तार करने का भरोसा देते हुए जाम खुलवाया, जिसके बाद करीब 7.30 बजे से वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।
प्रदेश के खेलकूद, आबकारी राज्य मंत्री रामकरन आर्य का कहना है कि घटना के समय उनका काफिला उधर से गुजरा जरूर था लेकिन उनके काफिले की गाड़ी से हादसा होने की जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने विरोधियों की साजिश के तहत उनका नाम लिए जाने का शक जताया है।
महुली मार्ग पर हादसे में बच्ची की मौत के बाद खेलकूद, आबकारी राज्य मंत्री रामकरन आर्य के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूटा तो कई थानों की फोर्स बुलानी पड़ी। सीओ, एसडीएम के अलावा कोतवाल कपिलमुनि सिंह, एसओ लालगंज अवधेश राज सिंह, एसओ पुरानी बस्ती सुधीर कुमार सिंह, नगर के इंचार्ज रमेश, मुंडेरवा थाने की पुलिस सक्रिय रही। प्रभारी एसपी रोहित मिश्र ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।