कप्तानगंज(बस्ती)। कस्बे के नकटीदेई स्थित एसबीआई शाखा के निकट रहस्यमय परिस्थितियों में 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घर के पीछे अमरूद के पेड़ की डाल से लटका उसका शव बरामद किया गया।
नकटीदेई के भगवानदीन पटवा दरवाजे पर ही गुमटी रखकर पान की दुकान करते हैं। उनकी पत्नी बाजार में ठेले पर भुट्टा बेचती हैं। सोमवार शाम को दोनों अपनी-अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान घर पर मौजूद 17 वर्षीय पुत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली। दोनों भागकर पहुंचे तो पुत्री का शव देख पैरों तले जमीन सरक गई। देरशाम तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी। मृतका दो भाई एवं तीन बहनों में सबसे छोटी थी। बाकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। बड़ा भाई रोजी के सिलसिले में कहीं बाहर है। मां ने बताया कि घर मौजूद उनका सबसे छोटा बेटा घटना के वक्त सब्जी लेने गया था। परिवार की माली हालत दयनीय देख कस्बे के लोग उसे ढाँंढस बंधाते रहे।
इस सबंध में थानाध्यक्ष कप्तानगंज शतानंद पांडेय ने बताया कि घटना की कोई सूचना हमें नहीं मिली है। फिर भी जांच कराता हूं।