गौर थानाक्षेत्र शिवा गांव की इंद्रवती ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। पोस्टमार्टम में इसकी पुष्टि होने के बाद पुलिस ने देवर ध्रुव यादव व सास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि अवैध संबंधों के शक में गला दबाकर हत्या की गई। हत्या के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे फंदे से लटकाया गया।
गौर थाने के शिवा गांव में सोमवार सुबह 28 वर्षीया इंद्रावती की रहस्यमय परिस्थितियों में मड़ई के बांस से लटकता शव मिला। मायके वालों को खबर मिली तो मौके पर पहुंचे। लेकिन घर के लोगों के फरार होने से शक गहराने लगा। बाद में मृतका की मां की तहरीर पर नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज किया। सोनहा थाना क्षेत्र के रामपुर की इंद्रवती की शादी गौर थाने के शिवा में 10 वर्ष पूर्व जवाहिर के साथ हुई थी। जवाहिर रोजीरोटी के लिए छह माह पहले मुंबई चला गया। घर पर केवल मां और भाई ध्रुव कुमार रहता है।
प्रभारी निरीक्षक विजेंदर सिंह ने बताया कि अवैध संबंधों के शक के आधार पर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर देवर ध्रुव यादव व सास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है । मामले में छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।