बस्ती। मुंडेरवा क्षेत्र के राजेडीहा गांव में शुक्रवार रात ढाई बजे गांव
से सटे तालाब में मां और दो मासूम बेटियों की लाश मिलने से पूरा गांव सकते
में आ गया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्ट्या तीनों की मौत पानी में डूबने से
हुई प्रतीत हो रही है।
राजेडीहा गांव की 30 वर्षीय रीता पत्नी
रामहरीश चौधरी अपनी सात वर्षीय बेटी गरिमा और चार माह की आस्था के साथ
शुक्रवार रात घर से गायब हो गईं। तीनों को उनके बिस्तर पर न देख रीता की
सास लालपति और ननद कंचन शोर मचाने लगीं।
शोरगुल सुनकर गांव के लोग
एकत्रित हो गए और आसपास उनकी तलाश की। जब लोग गांव के पास स्थित तालाब पर
पहुंचे तो वहां रीता की चप्पलें और शाल देख लोगों को शक हुआ। गांव के कुछ
लोग तालाब में उतर गए। इस बीच जाल भी मंगा लिया गया। रात करीब ढाई बजे रीता
और बड़ी बेटी गरिमा के शव तालाब से मिल गए।
चार माह की मासूम
आस्था का शव शनिवार सुबह तालाब में उतराता मिला। सीओ रुधौली एसएन सिंह ने
कहा कि प्रथम दृष्टया तीनों की मौत पानी में डूबने से प्रतीत हो रही है।
उनके शरीर पर खरोंच के कोई निशान नहीं है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के
बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। रीता का पति रायपुर में किसी
फैक्ट्री में मजदूरी करता है। घर पर केवल बीमार सास और छोटी ननद रहती है।