शहर के दक्षिणी छोर पर स्थित पुराना डाकखाना मोहल्ले में निर्माणाधीन मकान का छज्जा ढहने से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ काम कर रहे मजदूर और मकान बनाने वाले आनन-फानन उसे जिला अस्पताल ले जाने लगे लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नगर थानाक्षेत्र के बक्सर गांव का रहने वाला परशुराम गुप्ता (40) शहर के पुराना डाकखाना में निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहा था। दीवारें तैयार होने के बाद मकान का छज्जा बनाया जा रहा था। मंगलवार को छज्जे पर लेंटर डालने के लिए मिट्टी डालकर पैड बनाया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंगलवार को दिन में 10 बजे छज्जे पर ज्यादा वजन होने से नीचे की बल्ली सरक गई। इससे पूरा निर्माणाधीन छज्जा भरभराकर गिर गया। इसके नीचे परशुराम दब गया। प्रधान प्रतिनिधि मेहताब आलम ने बताया कि जिसके मकान में काम करते समय छज्जा गिरा, उनकी तरफ से परशुराम के आश्रित को 50 हजार रुपये आर्थिक मदद दी गई है। इसके अलावा श्रम विभाग और किसान बीमा योजना आदि का लाभ दिलाने की कोशिश करेंगे। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि फिलहाल कोई लापरवाही जैैसी शिकायत नहीं मिली है लेकिन मिली तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
मुखिया की मौत से परिवार में मातम
परिवार के मुखिया की असामयिक मौत से परिवार में मातम छा गया। घटना की सूचना पर परिवार वालों के अलावा बक्सर गांव के भी तमाम लोग आ पहुंचे। दोनों बेटे शिवपूजन और संदीप का रो-रो बुरा हाल है। अविवाहित पुत्री सुषमा के सिर से पिता का साया उठने से वह बार-बार बेहोश हो रही थी।