बस्ती। संतकबीरनगर के महुली थाना क्षेत्र के साखी गांव के 55 वर्षीय रामसूरत बेलदार पुत्र हंसू बेलदार की गला रेतकर हत्या के बाद शव को पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के बड़ेरिया खुर्द गांव स्थित नहर के किनारे खेत में फेंक दिया गया। रामसूरत जालंधर में प्राइवेट नौकरी करता था। वहां जाने के लिए वह बृहस्पतिवार को घर से निकला था। शुक्रवार को उसका शव मिला। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
हाइवे पर पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के हड़िया चौराहे के निकट एक नहर के पास सुबह के समय कुछ ग्रामीणों ने एक शख्स का शव देखा। इसकी सूचना हड़िया पुलिस चौकी और पुरानी बस्ती थाने को दी गई। मौके पर पहुंची पुरानी बस्ती पुलिस शव के पास गई तो पाया कि उस शख्स को गला रेतकर मारा गया है। पुलिस को उसकी जेब से गोरयाघाट थाना महुली जिला संतकबीरनगर के प्रधान पद के प्रत्याशी का कार्ड मिला। उसके आधार पर पुलिस ने महुली थाने से संपर्क स्थापित किया। सोशल साइट पर शव का फोटो भी भेजा गया, जिसके आधार पर दिवंगत की पहचान महुली थाने के साखी गांव के रामसूरत बेलदार के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद उसके घर वाले पुरानी बस्ती थाने पहुंच गए। पुलिस ने उनसे घटना के संबंध में पूछताछ की है।
प्रभारी निरीक्षक आरके गौतम ने बताया कि जिसके खेत में लाश मिली है उसके मालिक विशाल सिंह की तहरीर पर हत्या और साक्ष्य मिटाने की धारा में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
बृहस्पतिवार को घर से जालंधर के लिए निकला रामसूरत जालंधर की बजाए बस्ती कैसे पहुंच गया, उसके साथ क्या हुआ, उसी हत्या किसने और क्यों कर दी, इन सब सवालों के जवाब पुलिस ढूंढ़ रही है। सीओ सिटी एसएन सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद घटना के विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण सुराग लगे है। उम्मीद है कि अविलंब घटना का पर्दाफाश हो जाएगा।