बस्ती। शहर के सबसे व्यस्ततम क्षेत्र रोडवेज के पास से सरेशाम लग्जरी कार सवार दबंगों ने एक व्यक्ति को अपहृत कर लिया। सैकड़ों लोगों के सामने उसे मारते-पीटते हुए लेकर चले गए मगर भीड़ में से किसी ने सौ नंबर पर पुलिस को खबर कर दी। स्वाट टीम ने तत्परता दिखाते हुए महुली रोड पर महसों से आगे जाते समय घेरकर सभी को दबोच लिया। मौके पर पहुंचे एसपी दिलीप कुमार के निर्देश पर कोतवाली में दशरथ चौधरी, नकुल चौधरी समेत अन्य पर अपहरण और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
तहरीर में लालगंज थाने के सुहेलवा निवासी शोभाराम चौरसिया ने बताया है कि दशरथ के साथ दोनों ईंट भट्ठे का व्यवसाय करते थे। शोभराम पर दो लाख रुपये देनदारी थी, जिसे लेकर उनमें तकरार ठन गई। पुलिस के अनुसार रुपये वापस न पाकर दशरथ ने अपने हितैषी नकुल चौधरी की ब्रेजा में कुछ अन्य लड़कों के साथ रोडवेज पर जा पहुंचे। जहां मौजूद शोभाराम को जबरन अपहृत कर लिया। जैसे ही वायरलेस पर सूचना प्रसारित हुई, शहर में मौजूद क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम प्रभारी विक्रम सिंह, मनोज कुमार राय, आदित्य पांडेय, मणींद्र प्रताप चंद आदि ने एसओ लालगंज एके राय के साथ पीछा करते हुए लकड़ा के रास्ते में दबोच लिया। महसों चौकी पर लेकर पहुंचे,तभी एसपी दिलीप कुमार भी जा पहुंचे। एसपी के निर्देश पर कार समेत आरोपियों को कोतवाली भेजा गया, जहां देर शाम मुकदमा दर्ज किया गया।