बाइक पर एक मासूम और दो महिलाओं को बैठाकर जा रहा युवक दुबौली पड़ाव के पहले अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों महिलाओं की हालत गंभीर है। उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया जबकि बाइक चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेवां सीएचसी से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
हादसा रविवार पूर्वाह्न बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर दुबौली पड़ाव के पहले हुआ। सोनहा थाना क्षेत्र के चेरुइया गांव निवासी हाजरा खातून पुत्री मंजूर अली (30) अपने एक वर्षीय बेटे अहद और मौसी शहरून्निशा (46) पत्नी मोहम्मद सलीम तथा मौसेरे भाई नफीस पुत्र मोहम्मद शकील (20) निवासी लक्ष्मनपुर के साथ एक ही बाइक से सिद्धार्थनगर के हल्लौर के पास भटेगंवा अपने मामा के घर जा रही थीं। 11:30 बजे अभी वे लोग बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर दुबौली पड़ाव के पहले पहुंचे ही थे कि अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इस पर सवार सभी लोग बुरी तरह से घायल हो गए। दुर्घटना होते ही आसपास के लोग भी दौड़े। लोगों का कहना है कि एक ही बाइक पर चार लोग होने के बाद भी चालक ने हेलमेट नहीं लगाया था। सूचना के थोड़ी ही देर बाद पहुंची एंबुलेंस की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवां ले जाया गया। परिवारवालों के मुताबिक हाजरा और शहरूनिशा के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगी है। जबकि बाइक चला रहे नफीस और मासूम अहद को मामूली चोटें लगी हैं। नफीस और अहद को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। जबकि हाजरा और शहरूनिशा को जिला अस्पताल बस्ती के लिए रेफर कर दिया गया। जहां से डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया है।