बस्ती। सदर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बानगढ़ को बंद रखने के आरोप में बीएसए ने बृहस्पतिवार को हेड मास्टर स्नेह वर्मा और सहायक अध्यापक चंद्रेश बहादुर सिंह को निलंबित कर दिया। साथ ही ड्रेस और एमडीएम वितरण की वित्तीय जांच कराने के लिए टीम का गठन भी किया है।
इस कार्रवाई से स्कूल बंद रखने और स्कूल न जाने वाले शिक्षकों में खलबली मची हुई है। बीएसए डाक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षा का माहौल खराब करने वाले किसी भी शिक्षक को बख्शा नहीं जाएगा, भले ही चाहें वह कितनी पहुंच वाला और शिक्षक नेता ही क्यों न हो। बताया कि इसी तरह का निर्देश डीएम की ओर से भी जारी किया गया है। यह कार्रवाई अमर उजाला में बृहस्पतिवार को स्कूल बंद रहने की खबर छपने के बाद की गई।
खंड शिक्षा अधिकारी उदयभान कुशवाहा ने बताया कि इस स्कूल के शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई आवश्यक हो गई थी। बताया कि जब भी वह निरीक्षण में जाते थे तो स्कूल बंद ही मिलता था। क्षेत्र के आसपास के लोग भी स्कूल के बंद रहने की शिकायत कर चुके हैं।
बताते चलें कि अमर उजाला की टीम ने बुधवार को इस स्कूल की पड़ताल की थी। स्कूल बंद होने की जानकारी क्षेत्र के बीईओ को दी गई तो उन्होंने बताया कि स्कूल बंद रहने और शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की रिपोर्ट वह दो बार बीएसए को दे चुके हैं। ग्राम प्रधान भानमति ने भी स्कूल के शिक्षक और बच्चों के बारे में अनभिज्ञता जाहिर की थी। यह भी बताया था कि उन्हें हेड मास्टर और अन्य शिक्षकों का नाम नहीं मालूम।
ग्राम प्रधान द्वारा स्कूल बंद रहने की शिकायत डीएम से की गई। डीएम ने बीएसए को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। बृहस्पतिवार को बीएसए ने हेड मास्टर और सहायक अध्यापक को तत्काल निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।