अंतर्जनपदीय गांजा तस्करों की टीम नए एसपी दिलीप कुमार के चार्ज लेने के कुछ ही घंटे बाद सलामी देनेे पहुंची। मगर पहले से अलर्ट पुलिस ने सरगना समेत पांच गुर्गों को दबोच लिया। कब्जे से 62 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया। यह गिरोह फोरलेन से होकर पड़ोसी जिले फैजाबाद, गोंडा, अंबेडकर नगर आदि में गांजा सप्लाई करता था।
कामयाबी से गदगद एसपी ने सोमवार को बताया कि फैजाबाद जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के अकारीपुर निवासी रवि गुप्ता गिरोह का सरगना है। जो हरैया कस्बे के खटिकहिया निवासी दुर्गेश सोनकर के रुपये को पूंजी के रूप में इस्तेमाल करता था। वहीं का रहने वाला झम्मन सोनकर, विनोद सोनकर उर्फ लटकन और प्रेम प्रकाश भी इस धंधे में कैरियर का काम करते थे।
पहले से बिछा रखे थे जाल
एसपी ने बताया कि एएसपी नरेंद्र सिंह के निर्देशन में स्वाट टीम प्रभारी सुधीर सिंह, कांस्टेबल मनोज राय और आदित्य पांडेय ने इंस्पेक्टर हर्रैया कपिलमुनि सिंह की टीम के समन्वय से जाल बिछा रखा था। जहां चेकिंग के दौरान हर्रैया के आरकेडीएस इंटर कॉलेज के सामने सभी पकड़े गए।
पांच हजार इनाम का एलान
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हर्रैया कपिल मुनि सिंह, स्वाट प्रभारी इंस्पेक्टर सुधीर सिंह, एसआई जय प्रकाश मिश्र के अलावा स्वाट टीम के मनोज राय, सदानंद यादव, अभिमन्यु सिंह, आदित्य पांडे, छोटेलाल अरुणेश यादव, धर्मेंद्र वर्मा, अरविंद यादव, लालमन शामिल रहे। एसपी ने टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने का भी एलान किया है।