गाजीपुर। शहर कोतवाली के जिला कारागार के सामने सकलेनाबाद मुहल्ले में एक व्यक्ति ने रविवार की देर रात कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी।
सकलेनाबाद मुहल्ला निवासी मुहम्मद आरिफ (58) देर शाम परिजनों के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं आए तो परिजन किसी घटना की आशंका से दरवाजा खोलवाने पहुंचे। दरवाजा तोड़कर जब परिजन कमरे में घुसे तो व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटकता देख उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। इस संबंध में सीओ हृदयानंद सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।