बस्ती। कुआनो नदी के अमहट घाट पर 12 मई की शाम सेल्फी लेने के समय पानी में डूबने से हुई युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट मिलने के बाद पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला मानते हुए इसमें दिवंगत के चार दोस्तों के अलावा एक अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
गोरखपुर के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के कटाई टीकर गांव के मूल निवासी व वर्तमान में कोतवाली बस्ती के आवास विकास कॉलोनी में रहने वाले सिपाही त्रियुगी प्रसाद को बृहस्पतिवार शाम सूचना मिली थी कि भतीजा अखिलेश कुआनो के अमहट घाट में डूब गया है।
त्रियुगी और घर के लोग वहां पहुंचे और अखिलेश को लेकर जिला अस्पताल गए, डॉक्टर ने उसकी हालत नाजुक देख उसे गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई थी। इस मामले को पहले तो हादसा कहा गया, मगर बाद में दिवगंत के परिवार वालों ने इसे साजिश करार देते हुए उसके दोस्तों पर उसे मारने पीटने का आरोप लगाया। शुक्रवार को युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दिवगंत अखिलेश के शरीर के सिर पर आंख आदि पर चोट के निशान मिले है। उसकी दो पसलियां भी टूटी मिली है। डीआईजी कार्यालय में सिपाही त्रिभुवन ने कहा कि उसके भतीजे की हत्या की गई है। उसके दोस्तों ने घटना को अंजाम देने के बाद इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की, मगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच सामने आ गया। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्रदीप, दिलीप, मोनू और राजा पुत्र अज्ञात निवासी आवास विकास कॉलोनी थाना कोतवाली व प्रदीप निवासी बड़ेवन थाना कोतवाली के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना इंस्पेक्टर रामधनी को सौंपी गई है।