गौर (बस्ती)। शिवाघाट पुल से बुधवार शाम करीब चार बजे कुआनो में कूदी 15 वर्षीय रूबी का शव बृहस्पतिवार की सुबह गोताखोरों ने ढूंढ निकाला। पुलिस के बुलावे पर गोताखोरों की टीम पहुंची थी।
पिता तिलकराम का कहना है कि 10वीं के बाद माली हालत ठीक न होने के कारण पढ़ाई छोड़वानी पड़ी। बीच में वह बीमार भी रहने लगी और मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। प्रभारी निरीक्षक गौर संजय नाथ त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटनास्थल से बरामद किशोरी के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली जा रही है। रूबी के घर वालों ने किसी तरह की तहरीर नहीं दी है।
पिता के अनुसार बुधवार को दोपहर का खाना खाने के बाद वह पत्नी के साथ खेत में फसल काटने चला गया। घर पर अकेली बची रूबी दरवाजा बंद कर बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल पड़ी। आसपास के लोगों ने बताया कि मोबाइल पर किसी से बात करते हुए वह शिवाघाट पुल पर पहुंची। एकाएक पुल के पर मोबाइल रखकर नदी में छलांग लगा दी कुछ देर बाद खेत में काम कर रहे उसके मां-बाप को उसके डूबने की सूचना जैसे ही मिली, दोनों अचेत होकर खेत में गिर गए। गांव के लोगों ने किसी तरह से दोनों को घटनास्थल पहुंचाया। पुल से पहले गुजरते ट्रैक्टर-ट्रॉली वाले और कुछ छात्राओं ने रूबी को डूबने से बचाने के लिए काफी कोशिश की लेकिन उसके डूब जाने की वजह से इनकी कोई तरकीब काम नहीं आई।