कर्मचारियों ने डीआईओएस और वित्त लेखाधिकारी को घेरा।
- फोटो : अमर उजाला
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के लिपिकीय व अन्य कर्मचारियों ने चार माह से वेतन न मिलने के विरोध डीआईओएस और वित्त लेखाधिकारी का घेराव किया। मांगों के समर्थन में कर्मचारी दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी की। दोनों अधिकारियों के आश्वासन पर कर्मचारियों ने धरना समाप्त हो गया।
धरने का आयोजन यूपी एजुकेशनल मजिस्ट्रेरिएल एसोसिएशन की ओर से आयोजित किया गया। सोमवार को अचानक डीआईओएस कार्यालय परिसर का माहौल गर्म हो गया। हालांकि इसे लेकर पिछले कई दिनों से कर्मचारियों में धरना -प्रदर्शन करने की कानाफूसी हो रही थी मगर बोर्ड की परीक्षा को देखते हुए योजना को टाल दिया गया। सोमवार को जैसे ही बोर्ड परीक्षा समाप्त हुई।
कर्मचारियों ने कार्यालय के बाहर दरी बिछा दी और धरने पर बैठ गए। उसके बाद डीआईओएस और वित्त लेखाधिकारी का घेराव किया, जिसके चलते डीआईओएस राजेश कुमार आर्य विकास भवन के सभागार में होने वाली बैठक में समय से नहीं पहुंच सके। इसके लिए उन्हें फटकार खानी पड़ी।
डीआईओएस ने बताया कि उन्हें खुद चार माह से बजट के अभाव में वेतन नहीं मिला। धरने पर बैठे कर्मचारी नफीस अहमद, बृजेंद्र मिश्र, गिरजेश यादव, अशोक कुमार पांडेय, विनय उपाध्याय, रामभवन, विनय कुमार पांडेय, हरिश्चंद्र, भरत भुवाल एवं मक्खन लाल सहित अन्य ने बताया कि यह सही है कि बजट के अभाव में कर्मचरियों को वेतन नहीं मिल पा रहा है, मगर अधिकारियों द्वारा बजट लाने के लिए कोई खास प्रयास नहीं किया गया। इसके चलते उन लोगों को धरने पर बैठने और अधिकारियों का घेराव करने के लिए मजबूर होना पड़ा।