बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड पर एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात रविवार दोपहर मौत हो गई। उसका शव देख लोगों ने घर वालों और पुरानी बस्ती पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली क्षेत्र के गड़गोड़िया गांव के रहने वाले 55 वर्षीय आटो चालक भरत कुमार शराब के आदी थे। वह अक्सर स्टेशन रोड पर स्थित देसी शराब की दुकान पर नजर आते थे। रविवार की दोपहर में उनका शव स्टेशन रोड पर सड़क किनारे मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उसके मुंह से झाग निकल रहा था। आसपास के लोगों और आटो चालकों ने घटना की सूचना पुलिस और उनके घरवालों को दी। घर के लोग घटना स्थल पर पहुंचे और पुलिस को बताया कि दिवंगत शराब पीने का आदी थे। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार गौतम ने कहा कि प्रथम दृष्ट्या मामला शराब पीने से मौत का है। फिर भी सही कारण पता करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।