शहर के बहादुरपुर के पास हुआ सड़क हादसा
- फोटो : अमर उजाला
पैकोलिया। हर्रैया-बभनान मार्ग पर पैकोलिया थानाक्षेत्र के परसागना गांव के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो की चपेट में आने से गंभीर घायल बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने शव और स्कार्पियो को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
बभनान नगर पंचायत वार्ड नं नौ दीन दयाल नगर निवासी 22 वर्षीय शिवम गुप्ता रविवार रात बाइक से कुसौरा बाजार से अपने घर लौट रहा था। रात करीब सवा 10 बजे पैकोलिया थाना के परसागना गांव के सामने पुलिया के पास पहुंचा था कि तभी सामने महाराष्ट्र के रजिस्ट्रेशन की स्कार्पियो आ गई।
बाइक में ठोकर लगने से गिरे शिवम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही दम तोड़ दिया। वहीं स्कार्पियों चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। किसी ने हादसे की सूचना परिवार वालों को दी। परिवार वालों की सूचना पर पहुंची पैकोलिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। स्कार्पियो और बाइक को कब्जे में ले लिया है। शिवम के पिता धनपत गुप्ता की तहरीर पर अज्ञात स्कार्पियो चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने से मौत की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।