कोतवाली क्षेत्र के कंपनी बाग स्थित एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी ने लोगों को लोन देने के नाम लाखों रुपये ठग लिए और रातोंरात चंपत हो गई।
मंगलवार को कंपनी के कार्यालय में ताला लटका देख लोगों के होश उड़ गए।
इसके बाद बड़ी संख्या में ठगी के शिकार हुए लोग जिनमें तमाम महिलाएं थीं, एसपी आफिस पहुंचे। एएसपी रोहित मिश्र को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। एएसपी ने क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम के प्रभारी को मामले की जांच करने का निर्देश दिया है।
शहर के कंपनी बाग इलाके में एक रेस्टोरेंट के ऊपरी तल पर सनग्रेस कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड नाम एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी ने अपना कार्यालय खोल रखा था।
कंपनी से जुड़े लोगों ने सीधे साधे जरूरतमंद लोगों को अपना निशाना बनाया। उनके पास जाकर सिक्योरिटी राशि जमा करने पर लोन देने की पेशकश की। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग उनके झांसे में आ गए।
बभनान क्षेत्र के सिसहनी सुकरौली गांव निवासी उमेश ने बताया कि कंपनी ने तीन लाख लोन देने के लिए उनसे 18 हजार रुपये की सिक्योरिटी और फाइल खर्च लिया, मगर जब लोन देने की बारी आई तो कंपनी फरार हो गई। इसी प्रकार कप्तानगंज के अक्षतपुर गांव निवासी अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि उनसे भी पांच लाख रुपये लोन के लिए 17,100 रुपये सिक्योरिटी व 5650 रुपये प्रोसेसिंग फीस के रूप में जमा कराए गए, मगर लोन नहीं दिया गया।
मुंडरेवा थाना क्षेत्र के नरियांव गांव निवासी राहुल ने कहा कि उससे 21 हजार रुपये जमा कराए गए। उसे पांच लाख रुपये लोन का लालच दिया गया था। पीड़ितों ने बताया कि सिक्योरिटी रकम जमा कराने के बाद कंपनी के लोग आज कल कह कर टाल रहे थे।