दुबौलिया। रामजानकी मार्ग पर दुबौलिया थाने के गोकुलपुर गांव के पास एक
अनियंत्रित ट्रक ने एसओ दुबौलिया की सरकारी गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे
में गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
एसओ, एक हमराही और गाड़ी
का चालक घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से
हमराही सिपाही की हालत नाजुक देख डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर
कर दिया।
रामजानकी मार्ग पर विशेषरगंज के निकट सुबह साढ़े छह बजे एक
सड़क हादसे की सूचना मिलने पर दुबौलिया के एसओ गंगेश शुक्ल, हमराही सिपाही
शैलेंद्र दुबे और चालक आलम खां थाने की गाड़ी से घटना स्थल की ओर रवाना
हुए।
अभी वे गोकुलपुर गांव के पास ही पहुंचे थे कि सामने से आ रहे
तेज रफ्तार ट्रक ये उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। पुलिस की गाड़ी सड़क किनारे
गड्ढे में पलट गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्राम वालों ने सभी को बाहर
निकाला।
इस बीच थाने का भी स्टाफ पहुंच गया और सबने घायलों को
जिला अस्पताल भेजवाया। डॉक्टरों ने सिपाही शैलेंद्र दुबे की हालत गंभीर
होने के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है। इधर, घटना के
बाद ट्रक छोड़ कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया
है।
डीआईजी और एसपी ने जाना हाल
हादसे में अपने थानेदार और दो
सिपाहियों के घायल होने की सूचना मिलने के बाद एसपी शिवहरि मीणा जिला
अस्पताल की ओर भागे। उन्होंने वहां पहुंचकर पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर
स्वास्थ्य की व्यवस्था कराई।
तकरीबन दो घंटे तक रुकने के बाद वह
वापस मतदान केंद्रों की ओर रवाना हो गए। उनके जाने के बाद डीआईजी लक्ष्मी
नरायन भी पहुंचे। उन्होंने घायल एसओ और सिपाही से हादसे के बारे में
जानकारी ली और जल्द ठीक हो जाने का दिलासा दिया।