कलवारी थानाक्षेत्र के बेलवाडाड़ गांव में साधू के वेश में एक ठग के एक महिला का सारा जेवर लेकर फरार होने का मामला प्रकाश में आया है। ठग ने बेटा होने के लिए अनुष्ठान करने की बात कहकर उलझाया और कहा कि जेवर रखकर पूजा करेगा। जब महिला सारे जेवर लेकर उसके पास गई तो वह पोटली लेकर रफूचक्कर हो गया। बुधवार को ठगी की शिकार महिला अपने पति, ससुर व अन्य लोगों के साथ लेकर पुलिस के पास पहुंची। बीते शनिवार को बेलवाडाड़ गांव में दो युवक पहुंचे, जिनमें एक चंदन-टीका लगाए हुए था। पंडा के वेश में वह लोगों का भविष्य बताने लगा। घूमते हुए दोनों पिंटू मिश्र के घर पहुंचे।
बहू को साथ लेकर एसपी से मिलने आए पिंटू व उसके पिता राम किशुन मिश्र ने बताया कि उसने सबके घर से चावल मंगाया और उससे बच्चे का चित्र बनाने लगा। कहने लगा कि लगा कि पिंटू की पत्नी को गर्भ नहीं ठहरता, इसके लिए उसे घर के सारे जेवर रखकर अनुष्ठान करना होगा। महिला उसकी बातों में आकर सारे गहने कपड़े में बांधकर उसके पास ले गई। इसके बाद जब दोनों ठग झांसा देकर वहां से चले गए, तब सबको जेवर का होश आया। वहीं खुद को रमेश पांडे निवासी गली नंबर पांच हनुमानगढ़ी अयोध्या बताने वाले शख्स ने अमर उजाला से बातचीत में स्वीकार किया कि उसने बेलवाडाड़ में राम किशुन के घर पूजा-पाठ किया था। जिसमें तीन ग्राम सोने का इस्तेमाल किया। जेवर हड़पने या धोखाधड़ी की बात उसने खारिज की।