नगर बाजार। मिठाई बनाने के पहले कड़ाही में खौलाए गए पानी में दो साल का बालक गिर गया। गंभीर रूप से झुलसे बालक को जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। राह में ही मौत होने पर परिवार के लोग अयोध्या में अंत्येष्टि कर लौट आए।
कोलकाता से आकर नगर बाजार कस्बे में मिठाई की दुकान करने वाले अमित पूरे परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार को मिठाई बनाने के पहले एक कड़ाही में पानी खौलाकर रखे थे। अचानक दो वर्षीय बेटा अभय खेलते-खेलते कड़ाही के पास पहुंच गया। एकाएक सामने रखी हुई किसी चीज से उसका पैर टकराया और वह पीठ के बल खौले पानी में जा गिरा, जिससे पूरा शरीर झुलस गया। परिवार के लोग आनन-फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल भागे, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते प्राथमिक इलाज के बाद लखनऊ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। बस्ती से लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही बच्चे की मौत हो गई। परिजन अयोध्या के पास बच्चे का अंतिम संस्कार कर वापस लौट आए। अभय की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के दुकानदार एवं परिचित ढांढस बधा रहे थे।