ब्लॉक मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बहादुरपुर की वार्डेन को वहां तैनात दो रसोइयों ने जमकर मारा-पीटा।
ब्लॉक मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बहादुरपुर की वार्डेन को वहां तैनात दो रसोइयों ने जमकर मारा-पीटा। गंभीर हालत में वार्डेन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने वार्डेन की तहरीर पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उधर बीएसए ने छात्राओं को असुविधा से बचाने के लिए साउंघाट की वार्डेन माधवी त्रिपाठी व रसोइया को बहादुरपुर से संबद्ध कर दिया है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पर दो रसोइया तैनात हैं। दोनों के समय से काम करने को लेकर कई बार डांट-फटकार लगी लेकिन उनका रवैया नहीं बदला। बीएसए मनिराम सिंह के अनुसार बुधवार शाम को बच्चों को नाश्ता दिया जा चुका था। इसी बीच रसोइया से वार्डेन नीलम पांडेय के बीच कहासुनी होने लगी। इस पर दोनों रसोइया मिलकर वार्डेन को पीटने लगीं। बीएसए ने बताया कि दोनों रसोइया की गेट पर रखे रजिस्टर में इंट्री भी नहीं है, जबकि किसी को भी बिना इंट्री कराए आने जाने की इजाजत नहीं है। इसे लेकर बीएसए ने सिक्योरिटी गार्ड को निर्देश दिया है कि दोनों पर कार्रवाई की जा रही है। वे अब विद्यालय गेट के भीतर प्रवेश न करने पाएं। प्रभारी निरीक्षक नगर कपिल मुनि सिंह ने बताया कि वार्डेन की हालत खतरे से बाहर है।