बांदा। पुलिस चौकी के नाक तले दबंगों ने हवाई फायरिंग करते हुए दहशत फैला दी। युवक को मारपीट कर तमंचे की बट से सिर फोड़ दिया। राहगीरों के ललकारने पर हमलावर भाग निकले। कालू कुआं पुलिस चौकी से चंद कदम दूर आजाद नगर निवासी विमल तिवारी (22) पुत्र संतोष बुधवार को शाम पैदल बाजार सब्जी लेने जा रहा था। सड़क पर उसे चार युवकों ने घेर लिया। तमंचे से हवाई फायरिंग करते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी। विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर उसका सिर फोड़ दिया। मोहल्ले के लोगों द्वारा ललकारने पर हमलावर बाइक से भाग निकले। घायल की तहरीर पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने यहां जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। संतोष ने बताया कि दो माह पूर्व बैंक कैशियर के साथ हुई 10 लाख रुपये की लूट में उसने पुलिस की मदद की थी। इसी बात पर लूट में शामिल कुछ लोग उससे खुन्नस मानने लगे। इसी के चलते उस पर हमला हुआ।