परशुरामपुर। सीबीआई टीम ने मंगलवार को परशुरामपुर बाजार स्थित सेंट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक को ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक से पांच हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक अजय कुमार गुप्ता ने सीबीआई से शिकायत की थी कि शाखा प्रबंधक ग्राहक सेवा केंद्र बरहपुर के बजाय परशुरामपुर बाजार में चलाने के लिए नौ हजार रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। बातचीत के बाद वह पांच हजार लेने पर राजी हो गए। मंगलवार की शाम चार बजे जब अजय कुमार शाखा प्रबंधक राकेश कुमार को पांच हजार रुपये दे रहे थे तो उसी समय सीबीआई टीम पहुंची और उन्हें दबोच लिया। निरीक्षक संतोष तिवारी ने बताया कि शाखा प्रबंधक को लखनऊ की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई टीम में बृजेश कुमार, संदीप पांडेय, अनमोल, सचान, सुरेंद्र सिंह सहित 10 लोग शामिल थे।