दसिया के चार घरों से जेवर नकदी चोरी
- फोटो : अमर उजाला
मानिकचन्द (बस्ती)। रुधौली थाने के दसिया और उसी गांव के पुरवा धोबहा के चार घरों में मंगलवार रात चोरों ने नकदी समेत लाखों कीमत के सामान चुरा लिया। रविवार रात रौना कला और सोमवार रात वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बसडिलिया के कई घरों को चोरों द्वारा निशाना बनाए जाने से क्षेत्र में खलबली है।
मंगलवार रात धोबहा निवासी याकूब मोहम्मद के घर में पीछे से छत पर पहुंचे चोर सीढी के रास्ते घर में पहुंचे और कमरे का ताला तोड़कर आलमारी एवं बक्से से दो अंगूठी, पाजेब, हार, टीका, मंगल सूत्र चुरा ले गए। उसी पुरवे के राम जुगन चौधरी के घर में ताला काटकर बक्से में रखी झुमकी, पाजेब, मंगलसूत्र, मारवाड़ी नथुनी, कील व एक हजार रुपये नकद ले गए। परिवार के लोग बरामदे में सो रहे थे। चोरों ने दसिया बड़े पुरवा निवासी टेंपो चालक महेन्द्र सिंह के यहां छत के रास्ते घुसे चोरों ने उनके कमरे को बाहर से बंद कर दिया। सटे हुए कमरे का ताला तोड़कर सूटकेश में रखे 50 हजार रुपये नकदी के अलावा कान की बाली लेकर चलते बने। छत के रास्ते ही निकलकर पड़ोस के नन्देश्वर सिंह के घर में भी सीढ़ी के रास्ते घुसकर कमरे में रखी संदूक व ब्रीफकेस छत पर ले गए। चेन, नाक की कील, एक सोने की अंगूठी निकाल ले गए। उधर, वाल्टरगंज के बसडिलिया में सोमवार की रात हुई चोरी की घटना की जांच करने फोंरेंसिक टीम पहुंची। डाॅग स्क्वाड के साथ थानाध्यक्ष ने भी निरीक्षण किया। वहां के चार घरों से चोर लाखों रुपये के जेवर, नकदी ले गए थे। डाग स्क्वाड टीम प्रभारी नजरुल हसन व फोंरेंसिक टीम प्रभारी मंजीत कुमार एवं दिलीप कुमार ने काटे हुए ताले की कुंडी, कमरे एवं छत पर जांच कर नमूने लिए। थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार शाही ने ग्रामीणों से पूछताछ की।