गौर थाना क्षेत्र के केसराई गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग पर कार ट्रेन से टकराई।
- फोटो : राम ललित
बस्ती। गौर रेलवे स्टेशन से तीन किलोमीटर पूरब मानवरहित रेलवे क्रासिंग केसरई पर शनिवार की रात शादी समारोह से लौट रही कार ट्रेन से टकरा गई, जिससे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें बैठे सभी लोग घायल हो गए।
मुंडेरवा थाना के नरियाव गांव निवासी शिवनाथ के लड़के की बारात गौर थाना के केसरई गांव के बाबूराम के यहां गई थी। बारात में मुंडेरवा थाना के नरियाव गांव के रहने वाले कुछ लोग कार से आए थे। विवाह की कुछ ही रस्में पूरी हुई थीं कि कार में सवार लोग रात में ही घर वापस लौटने लगे। गौर रेलवे स्टेशन के 212 सी केसरई मानवरहित क्रासिंग पर शनिवार की रात करीब 01.40 बजे कार की कामाख्या एक्सप्रेस ट्रेन से टक्कर हो गई।
कार में सवार डाली (16), श्रेया (14) पुत्री मनोज कुमार, चंद्रप्रकाश (28) पुत्र राजेंद्र, प्रिया (19) और श्याम सिंह (40) घायल हो गए। इनमें श्याम सिंह गोरखपुर के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने घायलों को सीएचसी गौर में भर्ती कराया। प्रभारी चिकित्साधिकारी बसंत कौशल ने बताया कि सभी की हालत सामान्य है।
प्रिया और चंद्रप्रकाश को कुछ दिक्कत थी। इन दोनों को 108 नं. एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया गया है। इस संबंध में स्टेशन मास्टर गौर मो. अफताब यूसुफ जेई ने बताया कि इस मामले में कोई मेमो नहीं मिला लेकिन जिस समय की घटना लोग बता रहे हैं। उस समय के आसपास 19710 कामाख्या एक्सप्रेस निकाली गई थी। तभी यह हादसा हुआ होगा।